लकड़ी के बुरादे में छिपाकर ले जाई जा रही 1.65 करोड़ की अवैध शराब बरामद, पुलिस पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश, अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
चंदौली : पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। थाना अलीनगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में करीब 9031 लीटर शराब (932 पेटियां) बरामद करते हुए एक शातिर अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, वाराणसी-चन्दौली मार्ग पर सिंधीताली पुल के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान चालक ने ट्रक की रफ्तार बढ़ाकर पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
बुरादे में छिपाकर हो रही थी तस्करी
तलाशी लेने पर ट्रक में लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाकर रखी गई शराब की खेप बरामद हुई। इसमें किंगफिशर, रॉयल स्टैग और इम्पीरियल ब्लू समेत विभिन्न ब्रांड की शराब शामिल है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.65 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
राजस्थान का तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जगदीश लोहार (34 वर्ष) निवासी नाथद्वारा, जिला राजसमंद (राजस्थान) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह पंजाब से सस्ती शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचता था। बिहार में शराबबंदी के कारण इस अवैध कारोबार से उसे मोटा मुनाफा होता था।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना अलीनगर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना अलीनगर पुलिस के साथ स्वाट और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही। उच्चाधिकारियों ने टीम की सतर्कता और बहादुरी की सराहना की है।


















