चलते ऑटो में होती थी चोरी, पुलिस ने पकड़ा गिरोह का खिलाड़ी, नगदी व वाहन बरामद

98

चलते ऑटो में होती थी चोरी, पुलिस ने पकड़ा गिरोह का खिलाड़ी, नगदी व वाहन बरामद

चंदौली : जनपद में सवारियों को ऑटो में बैठाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 6700 रुपये नकद और एक ऑटो वाहन बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय इस गिरोह के तरीकों का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 को थाना चंदौली में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें बताया गया कि 16 मार्च की सुबह इलाहाबाद से मुगलसराय होते हुए चंदौली आ रहे पीड़ित परिवार के ट्रॉली बैग का ताला तोड़कर उसमें रखा सोने का मंगलसूत्र, झाला और दो अंगूठियां चोरी कर ली गई थीं। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी।

इसी क्रम में 28 अप्रैल को प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मझवार स्टेशन के आगे मंदिर के पास से आरोपी सुजीत शर्मा (26) निवासी नई बस्ती आलूमिल, चंदौली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से 6700 रुपये नकद और ऑटो (संख्या UP65QT3978) बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर 15 अप्रैल को एक अन्य व्यक्ति की जेब से 4200 रुपये चोरी किए थे। इसके अलावा मार्च में हुई वारदात में चोरी के जेवर बेचकर मिले 75 हजार रुपये में से उसके हिस्से के 25 हजार रुपये खर्च हो चुके हैं।

आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि वह और उसके साथी बुजुर्गों और महिलाओं को आसानी से निशाना बनाते थे। ऑटो चालक होने के कारण उन पर कोई शक नहीं करता था, जिससे वे वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए अन्य साथियों की तलाश शुरू कर दी है।