₹50 हजार का इनामी लुटेरा गिरफ्तार, साथी अवैध तमंचे व कारतूस के साथ दबोचा गया
चंदौली : थाना सैयदराजा एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में ट्रक लूट के मामले में लंबे समय से वांछित ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त शहजाद अली को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उसके साथी मसीद को एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस के साथ दबोचने में भी पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को एनएच-19 स्थित काले शहीद बाबा मजार के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर 2024 को बिहार के डेहरी से लगभग 25 टन कोयला लादकर सितापुर जा रहा ट्रक (संख्या BR01GF8742) चालक इम्तेयाज खान एवं खलासी राजू सिंह के साथ रवाना हुआ था। अगले दिन तड़के थाना सैयदराजा क्षेत्र के बगही कुम्भापुर के पास ट्रक लूट लिए जाने की सूचना मिली थी। इस संबंध में थाना सैयदराजा पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। मामले में पहले ही मसीद सहित तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि शहजाद अली फरार चल रहा था और उस पर ₹50 हजार का इनाम घोषित था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र एवं प्रभारी सर्विलांस आशीष मिश्रा के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए शहजाद अली और उसके साथी मसीद को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान मसीद के कब्जे से 0.315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस बरामदगी के आधार पर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ट्रक (संख्या DD01AL9764) भी बरामद किया है। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया है।


















