चहनियां के व्यापारियों ने दिखाई मिसाल: अग्निकांड पीड़ित विजय गुप्ता के इलाज के लिए जुटाए ढाई लाख रुपये, प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
चंदौली : चहनियां कस्बे में तीन दिन पूर्व हुए भीषण अग्निकांड में अपनी दुकान गंवाने वाले और सड़क हादसे के बाद जिंदगी व मौत के बीच जूझ रहे व्यापारी विजय गुप्ता के समर्थन में अब पूरा चहनियां बाजार एकजुट हो गया है। जहां एक ओर जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन मदद के लिए आगे आए हैं, वहीं स्थानीय व्यापारियों ने मानवीय संवेदना की अनूठी मिसाल पेश करते हुए इलाज के लिए आर्थिक सहयोग जुटाने का अभियान शुरू कर दिया है।
शुक्रवार को चहनियां स्थित शिव मंदिर परिसर में व्यापारियों, समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विजय गुप्ता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके इलाज और परिवार की हरसंभव सहायता करने का सर्वसम्मति से संकल्प लिया गया। इस दौरान प्रशासन की ओर से अब तक किसी प्रकार की ठोस सहायता नहीं मिलने पर भी चिंता और नाराजगी व्यक्त की गई।
गौरतलब है कि मंगलवार की रात चहनियां कस्बे में भीषण आग लगने से विजय और अजय गुप्ता की किराना दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई थी। इसी बीच सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए विजय गुप्ता वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
पीड़ित परिवार की सहायता के लिए प्रधानपति सतीश गुप्ता और समाजसेवी डॉ. अजय कुमार सिंह ने मोबाइल ग्रुप के माध्यम से सहयोग अभियान शुरू किया। व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने खुलकर आर्थिक मदद की, जिसके तहत अब तक लगभग ढाई लाख रुपये एकत्र कर वाराणसी स्थित अस्पताल में इलाज के लिए भेजे जा चुके हैं। शनिवार को भी सहयोग राशि आने का सिलसिला जारी रहा।
बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने कहा कि यह समय राजनीतिक या प्रशासनिक औपचारिकताओं का नहीं, बल्कि मानवता निभाने का है। दुख की इस घड़ी में पूरा चहनियां बाजार विजय गुप्ता और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है तथा भविष्य में भी हरसंभव सहयोग करता रहेगा।
व्यापारियों का कहना था कि संकट की इस घड़ी में समाज ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है, लेकिन अब प्रशासन को भी आगे आकर पीड़ित परिवार की आर्थिक एवं चिकित्सीय सहायता सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि विजय गुप्ता का बेहतर इलाज हो सके और उनके परिवार को इस कठिन समय में राहत मिल सके।
बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता उदय प्रताप सिंह, समाजसेवी डॉ. अजय सिंह, जिला पंचायत सदस्य रविंद्र यादव, पूर्व प्रधान सरिद्वार यादव, योगेंद्र मिश्रा, व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष गुलाब साहू, बिरजू अग्रहरि, राकेश जायसवाल, शिवलाल जायसवाल, अजय सिंह, अमित अग्रहरी, जयशंकर जायसवाल, आनंद सिंह, प्रिंस मिश्रा, सहोदर जायसवाल, राजन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


















