तेज रफ्तार कार की टक्कर से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, काली पूजा से लौट रहे थे घर

63

तेज रफ्तार कार की टक्कर से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, काली पूजा से लौट रहे थे घर

चंदौली : थाना क्षेत्र के मारूफपुर गांव में मंगलवार की रात दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय पन्नालाल राम की मौत हो गई। वह काली पूजा कार्यक्रम से बाजा बजाकर अपने साथियों के साथ पैदल घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद पन्नालाल राम सड़क पर लहूलुहान हालत में गिरकर बेहोश हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बलुआ थाना पुलिस ने उन्हें तत्काल चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।

बताया जाता है कि मारूफपुर में मंगलवार को काली पूजा का आयोजन चल रहा था, जिसमें पूरा गनेश गांव निवासी पन्नालाल राम अपने साथियों के साथ शामिल हुए थे। देर रात वह पैदल ही घर लौट रहे थे, तभी सैदपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। पत्नी धाना देवी सहित पुत्र भोनू, गुड्डू, सोनू, टिक्कू व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस हादसे के बाद शोक की लहर दौड़ गई है।