धूमधाम से मनाया गया विद्यालय का वार्षिकोत्सव, बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोहा
चंदौली : मंगलवार को बबुरी स्थित नेशनल पब्लिक स्कूल एवं नेशनल पूर्व माध्यमिक विद्यालय में वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाया गया. जिसका शुभारंभ सदर ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह ने मां सरस्वती के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया.

इस दौरान ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह ने कहा कि अच्छी शिक्षा एवं संस्कार ही जीवन को एक नया रुप देते हैं. हमें समाज को शिक्षित एवं संस्कारित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि परिवारों के बढ़ने के साथ-साथ उनकी युवा पीढ़ी को संस्कारित एवं सकारात्मक मार्ग दर्शन की आवश्यकता है. कार्यक्रमों से छात्रों में छिपी हुई प्रतिभा को निखारना आसान होता है.

उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ गीत संगीत एवं खेल कूद भी आवश्यक है. जिससे बच्चे मानसिक तनाव से दूर होकर अपने विकास के बारे में मन लगा सके. नृत्य व खेलकूद से बच्चों की प्रतिभा निखरकर सामने आई है. आगे चलकर यही बच्चे अपने माता-पिता व जिले का रोशन करेंगे. स्कूलों में ऐसे आयोजन होना चाहिए, जिससे बच्चों की प्रतिभा को पहचाना जा सके. इस दौरान बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया.
कार्यक्रम के दौरान प्रमुख रूप से अरुण पाठक, आनंद प्रकाश सिंह, बलिराम तिवारी, राजन सिंह, आलोक सिंह, विकास तिवारी, शम्भू गोड सहित आदि लोग मौजूद रहे.









