कृषि विज्ञान केंद्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त का सीधा प्रसारण, 2.11 लाख किसानों को मिला 42 करोड़ का लाभ

318

कृषि विज्ञान केंद्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त का सीधा प्रसारण, 2.11 लाख किसानों को मिला 42 करोड़ का लाभ

चंदौली : जिले के कृषि विज्ञान केंद्र में शनिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) की 20वीं किस्त जारी किए जाने का सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के बरौली से वर्चुअल माध्यम से किसानों को संबोधित किया। इसका लाइव टेलीकास्ट जिले के कृषि विज्ञान केंद्र सहित अन्य स्थानों पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने देशभर के करोड़ों किसानों को सम्मान निधि योजना की अगली किस्त जारी की। चंदौली जनपद के लिए यह दिन विशेष रहा, क्योंकि यहां के 2,11,234 किसानों को कुल ₹42,24,68,000 (42 करोड़ 24 लाख 68 हजार रुपए) की धनराशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की गई।

विधायकों ने बताया किसानों के लिए ‘संजीवनी

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना ने किसानों की आर्थिक स्थिति को सशक्त करने का कार्य किया है।” उन्होंने कहा कि इस राशि से किसान बीज, खाद, सिंचाई, और कीटनाशक जैसी जरूरी कृषि सामग्रियां खरीदने में सक्षम हो पा रहे हैं, जिससे उनकी पैदावार और आय में वृद्धि हो रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना अन्नदाताओं के प्रति सच्ची संवेदना का प्रतीक है।

वहीं, मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा किसानों के सुख-दुख में सहभागिता निभाई है। उन्होंने कहा, “किसान सम्मान निधि केवल एक आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि यह किसानों के परिश्रम को सम्मान देने का माध्यम है। आज किसान इस राशि से अपने खेतों को संवार रहे हैं, और यह उनके लिए एक ‘भाग्य परिवर्तन’ की तरह है।”

प्रशासन और किसान प्रतिनिधि भी रहे मौजूद

कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी नरेंद्र रघुवंशी, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, महेंद्र सिंह, अवधेश सिंह और कई अन्य अधिकारी एवं किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान किसानों के अनुभव भी साझा किए गए, जिनमें उन्होंने बताया कि किस प्रकार यह योजना उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लेकर आई है।

PM-KISAN योजना की झलक

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत लघु एवं सीमांत किसानों को प्रति वर्ष ₹6,000 की आर्थिक सहायता तीन किस्तों में दी जाती है। यह राशि DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना और खेती-किसानी को बेहतर बनाना है।

किसानों में दिखी खुशी

किस्त जारी होने की घोषणा के साथ ही जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। किसानों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह राशि समय पर मिलने से खरीफ सीजन की तैयारी में बड़ी मदद मिलती है।