ब्राह्मण समाज की उपेक्षा का आरोप, भाजपा जिला पंचायत सदस्य अभय शंकर पाण्डेय ने जताई नाराजगी

166

ब्राह्मण समाज की उपेक्षा का आरोप, भाजपा जिला पंचायत सदस्य अभय शंकर पाण्डेय ने जताई नाराजगी

चंदौली : भारतीय जनता पार्टी के काशी प्रांत अध्यक्ष अशोक चौरसिया के स्वागत समारोह के दौरान मंच पर ब्राह्मण समाज को प्रतिनिधित्व नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए भाजपा जिला पंचायत सदस्य अभय शंकर पाण्डेय उर्फ संजय पाण्डेय ने नाराजगी जाहिर की है।

उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में सभी पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया था। मंच पर लगभग 40 से 50 लोगों के बैठने की व्यवस्था थी और पूरा मंच भरा हुआ था, लेकिन किसी भी ब्राह्मण प्रतिनिधि को मंच पर स्थान नहीं दिया गया।

अभय शंकर पाण्डेय ने आरोप लगाया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय के जाने के बाद ऐसा प्रतीत हो रहा है कि जिले में ब्राह्मण समाज की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े कार्यक्रम में सभी समाज और वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूल मंत्र “सबका साथ, सबका विकास” है। ऐसे में पार्टी के कार्यक्रमों में भी सभी जातियों और समाज के लोगों को समान सम्मान और प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि भविष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सभी वर्गों के प्रतिनिधियों को मंच पर उचित स्थान दिया जाए, ताकि किसी भी समाज में उपेक्षा की भावना न पैदा हो।