तहसीलदार की चौपाल बनी उम्मीद की मिसाल, 95 पात्रों को मिला आवास, 1000 मुसहरों ने लगाया पौधा

102

तहसीलदार की चौपाल बनी उम्मीद की मिसाल, 95 पात्रों को मिला आवास, 1000 मुसहरों ने लगाया पौधा

चंदौली : चकिया विकासखंड की ग्राम पंचायत पुराना डीह में रविवार को सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण का अनूठा संगम देखने को मिला। तहसीलदार देवेंद्र की मौजूदगी में मुसहर समुदाय के लगभग एक हजार लोगों ने एकजुट होकर गौशाला की भूमि पर वृहद स्तर पर पौधारोपण किया। इस अभियान ने पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक सहभागिता का भी सशक्त संदेश दिया।

पौधारोपण कार्यक्रम के उपरांत गांव में विशेष चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में पूरी पारदर्शिता के साथ पात्र लाभार्थियों का चयन करते हुए 95 जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास आवंटित किए गए। आवास मिलने की सूचना से लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

इसके बाद सभी ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यालय परिसर पहुंचकर भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन भव्य सामूहिक भोज के साथ हुआ, जिसमें सभी जाति और धर्म के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। “मानव-मानव एक समान” के संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम ने सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और समरसता की नई मिसाल पेश की। क्षेत्र में इस पहल की व्यापक सराहना हो रही है।