चंद्रप्रभा सेंचुरी में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
चंदौली : जनपद में चल रहे वृहद पौधरोपण अभियान के तहत रविवार को नौगढ़ तहसील स्थित चंद्रप्रभा वाइल्डलाइफ सेंचुरी में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने पाकड़, पीपल और बरगद के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से अपनी मां के नाम एक पौधा अवश्य लगाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न महाविद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछले दस वर्षों में 250 करोड़ पौधे लगाकर विश्व स्तर पर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि बदलते पर्यावरणीय परिदृश्य को देखते हुए पौधरोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित और स्वच्छ बनाए रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को छाया, शुद्ध वायु और फल भी प्रदान करते हैं।
उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि हर व्यक्ति यदि अपनी मां के नाम एक पौधा लगाए और उसका संरक्षण करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक बड़ा जनआंदोलन बन सकता है।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि चंदौली जनपद में इस वर्ष 76 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें 47 लाख पौधे लगाने की जिम्मेदारी वन विभाग को सौंपी गई है।
कार्यक्रम में डीएफओ बी. शिव शंकर, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, क्षेत्रीय विधायक कैलाश खरवार, विधायक रमेश जायसवाल, वन क्षेत्राधिकारी चंद्रप्रभा अखिलेश दुबे, वन क्षेत्राधिकारी चकिया अश्वनी चौबे, चकिया नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


















