एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत चंदौली पुलिस का महाअभियान, एसपी आकाश पटेल ने किया वृक्षारोपण
चंदौली : पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के “वृक्षारोपण महायज्ञ-2026” तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत रविवार को चंदौली पुलिस ने पूरे जनपद में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व में पुलिस लाइन से लेकर सभी थाना परिसरों, चौकियों और सर्किलों में हजारों पौधे रोपे गए तथा उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया गया।
निर्माणाधीन पुलिस लाइन भोजापुर एवं शिविर पुलिस लाइन चंदौली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल और अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर ने संयुक्त रूप से औषधीय, फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण व ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से केवल पौधे लगाने तक ही सीमित न रहकर उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्षों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों, पुलिस चौकियों तथा सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस बल और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से वृक्षारोपण किया। अभियान के दौरान पीपल, बरगद, नीम, आम, सहजन, जामुन और आंवला जैसे पर्यावरण के लिए उपयोगी एवं दीर्घायु पौधों को प्राथमिकता दी गई।
चंदौली पुलिस ने इस अवसर पर आमजन से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति यदि अपनी मां के नाम एक पौधा लगाए और उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण तैयार किया जा सकता है।


















