सैयदराजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो पिकअप से 11 गोवंश बरामद, दो गिरफ्तार
चंदौली : सैयदराजा पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से दो पिकअप वाहनों में लादकर ले जाए जा रहे कुल 11 गोवंशों को बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरी पिकअप का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से सोमवार को जारी प्रेस नोट के अनुसार, 17 अक्टूबर को थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर धरौली चौकी के पास नवही रोड पर पिकअप संख्या UP65QT8715 को रोककर जांच की गई। वाहन से वध के लिए ले जाए जा रहे चार गोवंश बरामद हुए। पुलिस ने लुकमान अली (30) और रामबाबू (20), दोनों निवासी ग्राम मगरहा, थाना चुनार, जनपद मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में रात्रि गश्त के दौरान नौबतपुर तिराहे के पास चेकिंग होती देख पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप संख्या UP65JT5203 की तलाशी ली तो उसमें सात गोवंश मिले। इस मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने दोनों मामलों में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। दूसरी बरामदगी के मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 भी लगाई गई है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक रावेन्द्र सिंह, राजेश कुमार सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।


















