एमएलसी चुनाव को लेकर चंदौली में सुरक्षा का सख्त पहरा, 10 केंद्रों पर 30,211 मतदाता करेंगे मतदान

46

एमएलसी चुनाव को लेकर चंदौली में सुरक्षा का सख्त पहरा, 10 केंद्रों पर 30,211 मतदाता करेंगे मतदान

चंदौली : उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। चंदौली के 10 मतदान केंद्रों पर लगभग 30,211 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा।

निर्वाचन तैयारियों को लेकर आईटीआई कॉलेज रेवसा के सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा की अध्यक्षता में मतदान कार्मिकों एवं संबंधित अधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों, सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर जिले में पांच जोन, पांच जोनल मजिस्ट्रेट और 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही जोनल एवं सेक्टर पुलिस अधिकारी भी लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक उपनिरीक्षक, चार मुख्य आरक्षी/आरक्षी, चार महिला आरक्षी और एक सेक्शन पीएसी की तैनाती की जाएगी।

प्रशासन ने मतदान केंद्रों के भीतर और 100 मीटर की परिधि में चुनाव प्रचार, अनधिकृत वाहनों के प्रवेश तथा अनावश्यक भीड़ पर प्रतिबंध लगाया है। सुरक्षा जांच के दौरान स्याही, फाउंटेन पेन, पानी की बोतल और अन्य तरल पदार्थ ले जाने पर भी रोक रहेगी। अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराने, मतपत्रों एवं मतपेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

22 अक्टूबर को रवाना होंगी मतदान पार्टियां

मतदान संपन्न कराने के लिए सभी पोलिंग पार्टियां 22 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट परिसर चंदौली से अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को सुरक्षित कलेक्ट्रेट स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में जमा कराया जाएगा। इसके बाद उन्हें वाराणसी के मंडी समिति, पहड़िया स्थित निर्धारित स्थल पर भेजा जाएगा। जिला प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए हैं।