दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचे डीएम-एसपी, सुरक्षा व्यवस्था परखी; यातायात और साफ-सफाई को लेकर सख्त निर्देश
चंदौली : दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सोमवार को जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मुगलसराय के मानस नगर सहित आसपास के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और पर्व के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न होने देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी को लगातार पूजा पंडालों का स्थलीय निरीक्षण करने तथा व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आमजन की सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने पूजा पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सड़कों पर आवागमन बाधित न हो और श्रद्धालुओं के साथ आम नागरिकों को भी किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही सभी आयोजन स्थलों पर नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल को सतर्क रहने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य है कि दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व के दौरान जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे और लोग बिना किसी बाधा के हर्षोल्लास के साथ त्योहार मना सकें।


















