नौगढ़ समाधान दिवस में अफसरों का सख्त रुख, भ्रष्ट लेखपाल पर कार्रवाई के निर्देश
चंदौली : जन समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। नौगढ़ तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समाधान दिवस में अधिकांश शिकायतें भूमि, विकास, सिंचाई, विद्युत एवं पुलिस विभाग से संबंधित रहीं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभागीय अधिकारी प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से निर्विवाद वरासत एवं राजस्व संबंधी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल सुलझाने को कहा।
समाधान दिवस के दौरान एक शिकायत ने अधिकारियों का ध्यान खींचा, जिसमें ग्राम बरवाडीह निवासी रमेश ने भूमि सीमांकन के लिए लेखपाल द्वारा पैसे की मांग का आरोप लगाया। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उप जिलाधिकारी को तत्काल सीमांकन कराने और दोषी लेखपाल पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं अधिवक्ताओं ने जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में देरी की शिकायत उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी और उप जिलाधिकारी को फटकार लगाते हुए कहा कि सभी ऑनलाइन प्रमाण पत्र निर्धारित समयसीमा में ही जारी किए जाएं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गांवों की महिलाओं ने आवास की मांग रखी, जिस पर पीडी डीआरडीए को पात्रता का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही तहसील परिसर में पेयजल की समस्या को लेकर भी अधिवक्ताओं ने ध्यान आकृष्ट कराया, जिस पर गहरी बोरिंग कराने का सुझाव सामने आया।
इस मौके पर प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, पीडी डीआरडीए, डीसी मनरेगा, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


















