सावित्री बाई फुले पीजी कॉलेज चकिया में उत्साहपूर्ण आयोजन, सुरों की मधुर प्रस्तुति के बीच हुआ चयन
चंदौली : सावित्री बाई फुले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चकिया में सोमवार को सांस्कृतिक गतिविधियों का रंगारंग आयोजन हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर संगीता सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक परिषद के पदाधिकारियों के चयन हेतु गायन प्रतियोगिता का सफल संचालन किया गया। कार्यक्रम का कुशल निर्देशन सांस्कृतिक परिषद की प्रभारी डॉ. अमिता सिंह ने किया।
कार्यक्रम में छात्रों ने अपनी गायन प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए माहौल को संगीतमय बना दिया। देशभक्ति, लोकगीत, शास्त्रीय और फिल्मी गीतों की प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन किया, जिससे महाविद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में संस्कृत विभागाध्यक्ष संतोष कुमार, अर्थशास्त्र विभाग के सहायक प्रोफेसर विश्व प्रकाश शुक्ल तथा हिंदी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. रोहित कुमार यादव ने निष्पक्ष एवं सूक्ष्म मूल्यांकन करते हुए प्रतिभागियों का चयन किया।
प्रतियोगिता के आधार पर सांस्कृतिक परिषद के पदाधिकारियों की घोषणा की गई, जिसमें परास्नातक द्वितीय वर्ष के छात्र हरीश को अध्यक्ष, परास्नातक प्रथम वर्ष की अर्पिता सिंह को उपाध्यक्ष, स्नातक तृतीय वर्ष की सुप्रिया सिंह को सचिव, स्नातक द्वितीय वर्ष की सृष्टि पांडे को संयुक्त सचिव, स्नातक प्रथम वर्ष की दीक्षा द्विवेदी को कोषाध्यक्ष पद के लिए चुना गया। वहीं सदस्य के रूप में पुष्पांजलि, मानसी, गंगा और गायत्री का चयन किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. संगीता सिन्हा ने चयनित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां छात्रों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को निखारने और महाविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।


















