डीएम-एसपी की मौजूदगी में जनसुनवाई, संपूर्ण समाधान दिवस में 30 शिकायतें दर्ज, 3 का मौके पर निस्तारण, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
चंदौली : सदर तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की अध्यक्षता में जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में कुल 30 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 3 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 2 मामलों को पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को स्थलीय निरीक्षण के लिए भेजा गया, ताकि समस्या का समाधान धरातल पर जाकर सुनिश्चित किया जा सके। शेष मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्विवाद वरासत सहित अन्य लंबित मामलों को प्राथमिकता पर सुलझाने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
उन्होंने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद, विकास कार्य, सिंचाई, विद्युत एवं पुलिस से संबंधित प्राप्त हुईं। ऐसे मामलों में संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करने की आवश्यकता है, ताकि समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
जिलाधिकारी ने आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन स्तर से इन मामलों की नियमित समीक्षा होती है, इसलिए समयबद्ध निस्तारण अनिवार्य है। उन्होंने उप जिलाधिकारी और तहसीलदार स्तर पर लंबित तीन वर्ष से अधिक पुराने प्रकरणों को शीघ्रता से निपटाने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि तीन से अधिक लंबित मामलों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।
इस दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी दिव्या ओझा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव, जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास), तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत चंदौली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संपूर्ण समाधान दिवस में प्रशासन की सक्रियता तो दिखी, लेकिन अब नजर इस बात पर रहेगी कि दिए गए निर्देशों का पालन धरातल पर कितनी तेजी और प्रभावशीलता से होता है।


















