ब्याज विवाद में युवक को दी गई तालिबानी सजा, नाखून उखाड़ने की कोशिश, सिगरेट से जलाया, पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज, दो आरोपी हिरासत में

253

ब्याज विवाद में युवक को दी गई तालिबानी सजा, नाखून उखाड़ने की कोशिश, सिगरेट से जलाया, पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज, दो आरोपी हिरासत में

चंदौली : जिले के बबुरी कस्बे में सूदखोरी के काले कारोबार ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया। ब्याज पर पैसे दिलवाने के मामूली विवाद में एक युवक को ऐसी दर्दनाक सजा दी गई, जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएं। आरोप है कि दबंग सूदखोरों ने न केवल युवक को बेरहमी से पीटा, बल्कि उसके साथ तालिबानी सजा जैसी क्रूरता बरती — नाखून उखाड़ने की कोशिश की गई और होश गंवाने पर सिगरेट से जलाकर होश में लाया गया।

चकिया थाना क्षेत्र के बुढ़वल गांव निवासी नीलदास इस वीभत्स घटना का शिकार हुए हैं। बताया जा रहा है कि उनके भाई रंगदास ने बबुरी कस्बे के रतनदीप वर्मा के जरिए एक व्यक्ति सतीश को टाटा जेस्ट कार गिरवी रखकर 1 लाख 80 हजार रुपये ब्याज पर दिलवाए थे। इस पर 6% मासिक ब्याज तय हुआ था। तीन महीने बीतते ही वसूली का दबाव बढ़ा और रतनदीप वर्मा ने नीलदास को बातचीत के बहाने मिर्जापुर के डवक गांव बुलाया। अशोक इंटर कॉलेज के पीछे एक बाग में बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा और सूदखोरों ने नीलदास को घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। नाखून उखाड़ने की कोशिश की गई और जब नील बेहोश हो गया तो उसके शरीर को सिगरेट से जलाकर होश में लाया गया।

इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित के बैंक खाते से ₹23,500 की रकम भी निकाल ली और उसकी अंगूठी व बाइक छीन ली। गंभीर रूप से घायल नीलदास का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना परिजनों ने बबुरी थाने को दी, जहां पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।

इस संदर्भ में सीओ पीडीडीयू नगर राजीव सिसोदिया ने बताया कि पीड़ित नीलदास की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि घटना की सत्यता की पुष्टि के लिए सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति पर हमले का नहीं, बल्कि समाज में पनप रही सूदखोरी की उस क्रूर हकीकत का आईना है, जो कानून व्यवस्था के लिए सीधी चुनौती बन चुकी है।