एम्बुलेंस में गूंजी किलकारी, गर्भवती महिला ने रास्ते में बच्चे को दिया जन्म

237

एम्बुलेंस में गूंजी किलकारी, गर्भवती महिला ने रास्ते में बच्चे को दिया जन्म

चंदौली : उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में डायल 108 स्टाफ और आशा बहु की सूझबूझ और तत्परता से एक गर्भवती महिला ने एम्बुलेंस में ही स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया. डिलीवरी के बाद महिला और नवजात दोनों स्वस्थ हैं. वही परिजनों ने सुरक्षित प्रसव के लिए 108 टीम को धन्यवाद दिया.

दरअसल, चहनियां क्षेत्र के रानेपुर गांव निवासी पंकज कुमार की पत्नी अनिता देवी गर्भवती थी. जिनको सुबह अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई. जिसके बाद परिजनों ने डायल 108 के माध्यम से सूचना दी. खबर मिलते ही इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन अंकित पाल और एम्बुलेंस चालक राजेश यादव तुरंत उनके घर पहुंचे. महिला को एम्बुलेंस में शिफ्ट कर हॉस्पिटल के लिए रवाना हुए. रास्ते में ही धरहरा मोड़ पर महिला को प्रसव पीड़ा काफी ज्यादा बढ़ गई.

इसके बाद महिला की स्थिति को देखते हुए इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन अंकित पाल ने चालक राजेश यादव को एम्बुलेंस सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा करने के लिए कहा. वही चालक ने एम्बुलेंस को सुरक्षित सड़क किनारे खड़ा कर दिया. जिसके बाद आशा और ईएमटी ने सूझ बूझ के साथ महिला की प्रसव प्रक्रिया शुरू की. कुछ ही समय में अनिता ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया. बच्चे की किलकारी गूंजते ही परिजनों ने भी राहत की सांस ली. सुरक्षित प्रसव के बाद, मां और बच्चे को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां में भर्ती कराया गया. परिजनों ने सुरक्षित प्रसव के लिए 108 टीम को धन्यवाद दिया.