गोवंश लदे वाहन लूट की घटना का पुलिस ने किया खुलासा, 6 लुटेरे गिरफ्तार

628

गोवंश लदे वाहन लूट की घटना का पुलिस ने किया खुलासा, 6 लुटेरे गिरफ्तार

चंदौली : 14 अगस्त को पुलिस कस्टडी से गोवंश भरे वाहन लूट की घटना के मामले में बलुआ पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जिनके कब्जे से एक स्कॉर्पियो, एक बोलेरो, एक स्विफ्ट कार सहित 07 मोबाइल व 3160 रुपये नगद बरामद किया है. गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है. साथ ही गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को 20 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है.

विदित हो कि 14 अगस्त को बलुआ पुलिस द्वारा बरामद गोवंशों को गौशाला भेजा जा रहा था. इस दौरान गौ तस्करों ने बलुआ पुलिस के इकबाल को चुनौती देते हुए मथेला नहर पुलिया के पास वाहन में बैठे पीआरडी जवान को नीचे उतारकर पीकप को मय गौवंश के साथ लूट ले गए. विरोध करने पीआरडी जवान संग मारपीट भी की. घटना की जानकारी होते ही पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया गया. घटना के अनावरण के लिए एसपी आदित्य लांग्हे ने पुलिस और स्वाट सर्विलांस टीम को जिम्मेदारी सौंपी थी. इसी क्रम में तीन दिन बाद लूट कांड में शामिल 06 लुटेरे पुलिस के हत्थे चढ़ गए.

इस बाबत एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि घटना में शामिल लोंगो की सीडीआर से कुंडली निकाली गयी. जिसमें एक गैंग का पर्दाफ़ाश हुआ है. जिसमें शामिल 06 लोग गिरफ्त में आये है. गाड़ी लूटने के बाद लुटेरे पिकअप वाहन को वाराणसी स्थित सन्दहा मंडी में ले जाकर रख दिए. जहां से पीकअप मालिक अजीत पिकअप संख्या UP65 PT 3472 को इटावा ले जाकर रखा. पुलिस मुकदमा में वाहन होने के कारण इसे बिहार ले जाने के फिराक में था. लेकिन अकेले ले जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया. इसके बाद इसने पशु तस्करों के वाहन पास कराने वाले पासरों से सम्पर्क किया. पासरों ने रविवार को साढ़े चार बजे छपरा के लिए बलुआ तिराहे पर गाड़ी बुलाया. जिसके बाद पुलिस ने बलुआ तिराहे से गाड़ी मालिक अजीत पुत्र बनारसी थाना चौबेपुर, अभिषेक उर्फ गोलू थाना चौबेपुर, हर्ष उर्फ गोलू जाल्हुपुर, कवि शंकर उर्फ़ बाबू, विशाल उर्फ अलगू, शिवकुमार निवासी कमौली थाना चौबेपुर को गिरफ्तार किया. इसमें हर्ष और विशाल पर रामनगर थाने में भी लूट का मुकदमा दर्ज है. इस घटना के सफल अनावरण के लिए लगाई गई टीम को पुलिस अधीक्षक ने 20 हजार रुपया ईनाम देने का घोषणा किया है.

गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष बलुआ अशोक कुमार मिश्र, एसओजी प्रभारी आशीष मिश्रा मय टीम, एसआई बलुआ शैलेश कुमार, मारूफपुर चौकी इंचार्ज अभिषेक शुक्ला, एसआई अनिल कुमार यादव, एसआई जमिलुद्दीन खान, कांस्टेबल रामजी पाण्डेय, रोहित कुमार, चन्दन शाह, अमरेश सिंह व रमेश चौहान शामिल है.