अलीनगर के सिधीताली में किन्नरों का उत्पात, नेग न मिलने पर विवाहिता से मंगलसूत्र और झुमका छीनने का आरोप, CCTV में कैद हुई वारदात
चंदौली : अलीनगर थाना क्षेत्र के सिधीताली गांव में बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब नेग मांगने पहुंचे आधा दर्जन किन्नरों ने घर में घुसकर उत्पात मचा दिया। आरोप है कि नेग की रकम मनमुताबिक न मिलने से नाराज किन्नरों ने न केवल विवाहिता का मंगलसूत्र और झुमका छीन लिया, बल्कि बेडरूम में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ भी की। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, राहुल जायसवाल, जो सिधीताली में परचून की दुकान चलाते हैं, को बीते 12 सितंबर को पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। लगभग डेढ़ महीने बाद बुधवार दोपहर उनके घर करीब छह किन्नर नेग लेने पहुंचे। उस समय राहुल की मां ने उन्हें 1000 रुपये देने की कोशिश की, लेकिन किन्नरों ने रुपये फेंक दिए और ज्यादा रकम की मांग करने लगे।
राहुल की पत्नी ने स्थिति संभालने की कोशिश करते हुए पायल, बिछिया और कुछ रुपये देने की बात कही, लेकिन किन्नर जबरन घर के अंदर बेडरूम में घुस गए और विवाहिता का मंगलसूत्र व सिकड़ी (झुमका) छीन लिया। विरोध करने पर उन्होंने घर में सामान फेंककर नुकसान भी पहुंचाया और गाली-गलौज व धक्का-मुक्की की।
बताया जा रहा है कि किन्नर घर से निकलते समय दुकान का सामान सड़क पर फेंककर क्षतिग्रस्त कर दिए और ऑटो में बैठकर फरार हो गए। घटना से परिवार में दहशत का माहौल है।
पीड़ित राहुल जायसवाल ने अलीनगर थाना क्षेत्र के जफरपुर चौकी में चार नामजद किन्नरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की हरकत से समाज में भय फैल रहा है। लोगों की मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी करे और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाए।









