हाईकोर्ट के आदेश पर सीमांकन कराने पहुंची टीम पर पथराव, तीन महिला आरक्षी समेत चार पुलिसकर्मी घायल, आठ नामजद पर मुकदमा दर्ज, छह हिरासत में

79

हाईकोर्ट के आदेश पर सीमांकन कराने पहुंची टीम पर पथराव, तीन महिला आरक्षी समेत चार पुलिसकर्मी घायल, आठ नामजद पर मुकदमा दर्ज, छह हिरासत में

चंदौली : मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कबीरपुर गांव में रविवार को हाईकोर्ट के आदेश पर भूमि सीमांकन कराने पहुंची राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों के एक पक्ष ने अचानक ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस दौरान मची अफरा-तफरी में तीन महिला आरक्षी समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ कबीरपुर गांव में विवादित भूमि का सीमांकन कराने पहुंची थी। सीमांकन की कार्रवाई शुरू होते ही दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और उपद्रवियों ने पुलिस व राजस्व टीम पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुए पथराव से मौके पर भगदड़ मच गई और कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए।

घटना में घायल तीन महिला आरक्षियों सहित कुल चार पुलिसकर्मियों को तत्काल उपचार के लिए पीडीडीयू नगर के राजकीय अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, त्वरित कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

घटना के बाद गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है तथा वायरल वीडियो के आधार पर अन्य उपद्रवियों की भी पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।