कबीरपुर कांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, 7 हमलावर गिरफ्तार, छीनी गई जरीब और मोबाइल बरामद
चंदौली : मुगलसराय थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में हाईकोर्ट के आदेश पर चल रही भूमि सीमांकन की कार्रवाई के दौरान पुलिस एवं राजस्व टीम पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में मुगलसराय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से सीमांकन कार्य में प्रयुक्त जरीब तथा महिला आरक्षी से छीना गया ओप्पो K-10 मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 27 जून को इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में ग्राम कबीरपुर स्थित गाटा संख्या-11 की पैमाइश एवं सीमांकन का कार्य राजस्व विभाग और पुलिस टीम की मौजूदगी में कराया जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने सीमांकन का विरोध करते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की और पुलिस व राजस्व कर्मियों पर हमला कर दिया। आरोप है कि उपद्रवियों ने सीमांकन में प्रयुक्त जरीब छीन ली तथा राजस्व और पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता की।
घटना के दौरान महिला आरक्षी रिंसू सिंह द्वारा वीडियो बनाए जाने पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद पुलिस और राजस्व टीम पर ईंट-पत्थर चलाए गए, जिसमें तीन महिला आरक्षी घायल हो गईं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
राजस्व निरीक्षक वीर बहादुर की तहरीर पर मुगलसराय थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अतिरिक्त धारा भी बढ़ाई गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सतीश सोनकर, शिवम सोनकर उर्फ अंशु कुमार, सन्नी सोनकर, सुशील सोनकर, गीता देवी, सोनी देवी तथा नगीना कुमारी उर्फ मधु को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि पप्पू सोनकर के कब्जे से सीमांकन में प्रयुक्त जरीब तथा सोनी देवी के कब्जे से महिला आरक्षी का छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य वांछित आरोपितों की तलाश जारी है तथा सभी गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।


















