श्रीराम के आशीर्वाद के साथ नए सत्र का शुभारंभ, डैडीज स्कूल की 17वीं निःशुल्क अयोध्या यात्रा रवाना

49

श्रीराम के आशीर्वाद के साथ नए सत्र का शुभारंभ, डैडीज स्कूल की 17वीं निःशुल्क अयोध्या यात्रा रवाना

चंदौली : नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ से पहले डैडीज इंटरनेशनल स्कूल एंड हॉस्टल, बिशुनपुरा ने शिक्षा, संस्कार और सेवा का अनूठा संदेश देते हुए शनिवार को श्रद्धालुओं के लिए अपनी वातानुकूलित निःशुल्क अयोध्या तीर्थयात्रा बस को 17वीं बार रवाना किया। विद्यालय परिसर से भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई इस बस को श्रद्धालुओं ने भक्ति और उत्साह के साथ विदा किया।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह पहल केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और समाज में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देने का प्रयास है। पिछले कई वर्षों से प्रत्येक माह इस निःशुल्क तीर्थयात्रा सेवा का नियमित संचालन किया जा रहा है।

इस अवसर पर एलटीपी कैलकुलेटर के आविष्कारक एवं शेयर मार्केट तथा आर्थिक मामलों के विशेषज्ञ डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने कहा कि भगवान श्रीराम केवल आस्था के प्रतीक नहीं, बल्कि आदर्श जीवन, सत्य, अनुशासन, त्याग और कर्तव्यपरायणता की सर्वोच्च प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि यदि नई पीढ़ी श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाए, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन स्वतः दिखाई देगा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रीष्मावकाश के दौरान भी विद्यालय में ऑनलाइन कक्षाओं का सफल संचालन किया गया, जिससे देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से जुड़े विद्यार्थियों की पढ़ाई निर्बाध जारी रही। उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद के साथ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में कक्षा छह से ही स्ट्रक्चर्ड फाइनेंशियल एजुकेशन की विशेष व्यवस्था लागू है, जिससे विद्यार्थियों में कम उम्र से ही वित्तीय साक्षरता और आर्थिक निर्णय लेने की समझ विकसित हो सके। नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर प्रारंभ कर दी गई है।

अयोध्या रवाना होने से पहले तीर्थयात्रियों ने विद्यालय परिसर का भ्रमण किया और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं, छात्रावास व्यवस्था तथा अनुशासित वातावरण की सराहना की। विद्यालय परिवार के सदस्यों ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि निःशुल्क तीर्थयात्रा सेवा पूर्व में अयोध्या के साथ-साथ मथुरा धाम तक भी संचालित की जा चुकी है। भविष्य में अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए भी ऐसी यात्राएं शुरू करने की योजना है। इस सेवा की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आगामी कई महीनों तक की सीटें आधार कार्ड की छायाप्रति जमा कराकर पहले ही निःशुल्क आरक्षित हो चुकी हैं।

इस अवसर पर बंशीधर तिवारी, सत्यप्रकाश तिवारी, अलियार गुप्ता, शुभम गुप्ता, गुलाब सिंह, हीरा सिंह, तनु सिंह, अनन्या सिंह, बबली, श्यामनारायण, प्रेमा, मुन्नू दुबे, दीपमणि तिवारी, बबिता तिवारी, मयंक तिवारी, मान्या तिवारी, रतन गुप्ता, वकील, रवि यादव, यशोदा देवी, सुरसती, विनीत दुबे, रवि पाण्डेय, अमित शुक्ला, अमित कुमार, सुषमा देवी, पुष्पा गिरि सहित विद्यालय परिवार के अनेक सदस्य मौजूद रहे।