किसानों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीएम
चंदौली : कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में मासिक किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने कृषि, सिंचाई और विद्युत आपूर्ति समेत खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से रखा। किसानों ने समस्याओं के समाधान के साथ-साथ कृषि व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्राप्त प्रार्थना पत्रों और शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नहरों के टेल तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही कृषि कार्यों के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा बिजली से संबंधित किसानों की शिकायतों का शीघ्र समाधान कराने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेकर विभागीय स्तर पर समन्वय स्थापित करते हुए उनका समाधान कराया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
किसान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, उप निदेशक कृषि, जिला उद्यान अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिशासी अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।


















