हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, दो की मौत, एक गंभीर
चंदौली : सदर कोतवाली क्षेत्र के कटसीला के पास हाईवे पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में रिंकू पासवान और तुलसी की मौत हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल राधेमोहन को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कटसीला के पास हाईवे पर अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस की मदद से हादसे में घायल तीनों लोगों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद रिंकू पासवान और तुलसी को मृत घोषित कर दिया। वहीं राधेमोहन की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसा किस वाहन की टक्कर से हुआ, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवे पर टक्कर के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना में कौन सा वाहन शामिल था और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। वहीं दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


















