धूमधाम और भाईचारे के साथ सकलडीहा में मनी ईद, 16 मस्जिदों में अदा हुई नमाज
चंदौली : सकलडीहा तहसील क्षेत्र में शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व पूरे हर्षोल्लास, उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। रमजान के पाक महीने के 30 रोजे पूरे होने के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अल्लाह की इबादत करते हुए विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की।
सुबह से ही क्षेत्र के सकलडीहा कस्बा, नौरंगाबाद, नई बाजार, खोर, तेनुअट और डेढ़गावा सहित कुल 16 मस्जिदों एवं ईदगाहों पर नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी नए और पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर नमाज अदा करने पहुंचे। नमाज के दौरान देश-प्रदेश में अमन, शांति, भाईचारा और तरक्की के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे क्षेत्र में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता का अनूठा नजारा देखने को मिला। लोगों ने इस पर्व को इंसानियत, भाईचारे और सेवा का संदेश देने वाला बताया।
ईद की खुशियों के बीच घरों में विशेष पकवानों की भी धूम रही। नमाज के बाद लोग अपने-अपने घरों को लौटे, जहां सेवई, खीर और अन्य पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया गया। कई परिवारों ने रिश्तेदारों और मेहमानों को आमंत्रित कर उनका स्वागत किया और मिठाइयों के साथ ईद की खुशियां साझा कीं।
वहीं, पर्व के मद्देनजर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम कुंदन राज कपूर, क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी, थाना प्रभारी भूपेंद्र कुमार निषाद एवं उपनिरीक्षक वरुणेंद्र राय लगातार क्षेत्र का भ्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
इस अवसर पर आजाद अंसारी, हामिद अंसारी, सरवर अंसारी, शमशेर अंसारी, डॉ. गुफरान, डॉ. अकबर, इकराम शाहिद, अलीम हाशमी, बाबू जान, बाबू भाई सहित हजारों की संख्या में लोग नमाज में शामिल हुए।
सकलडीहा क्षेत्र में ईद का यह पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने गंगा-जमुनी तहजीब की एक बार फिर मिसाल पेश की।


















