आंधी-पानी से 33 हजार लाइन फाल्ट, 9 घंटे बाद बहाल हुई बिजली सप्लाई
चंदौली : धानापुर क्षेत्र में शनिवार की भोर में आई तेज आंधी और बारिश के चलते 33 हजार वोल्ट की मेन सप्लाई लाइन में फाल्ट हो गया, जिससे पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। करीब 9 घंटे की मशक्कत के बाद विभागीय टीम ने फाल्ट को ठीक कर सुबह 11 बजे सप्लाई बहाल कर दी, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, सीतपोखरी के पास डबल पोल पर आए फाल्ट के कारण धानापुर से चहनियां, सुरतापुर और मारूफपुर बिजली उपकेंद्रों को जाने वाली सप्लाई बाधित हो गई थी। खास बात यह रही कि शनिवार को ईद का त्योहार होने के कारण सुबह-सुबह बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जेई सुभाष यादव ने तत्काल शटडाउन लेकर लाइनमैन दशरथ सोनकर व संविदा कर्मियों रमेश विश्वकर्मा, सतीश यादव और सतीश सोनकर के साथ मौके पर पहुंचकर फाल्ट की खोज शुरू की। कड़ी मेहनत के बाद टीम ने खराबी को दुरुस्त कर सप्लाई बहाल कर दी।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि धानापुर से आने वाली मेन लाइन करीब 15 किलोमीटर तक मुख्य मार्ग और पेड़ों के बीच से गुजरती है। बारिश और तेज हवा के दौरान अक्सर पेड़ों की डालियां तारों से टकराने के कारण फाल्ट हो जाता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली तारों के आसपास से पेड़ों की छंटाई (डहन हटाने) का कार्य नियमित रूप से कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं से निजात मिल सके।


















