बाढ़ प्रभावित चूरमूली गांव पहुंचे डीएम, ग्रामीणों का जाना हाल, राहत कार्यों में लापरवाही पर दी सख्त चेतावनी
चन्दौली : जिले में बाढ़ की स्थिति के बीच जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने गुरुवार को बाढ़ प्रभावित चूरमूली गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गांव में जलभराव की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों तथा ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने और प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री तत्काल पहुंचाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ के पानी से घिरे गांव में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में जिला प्रशासन उनके साथ है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, राशन किट, शुद्ध पेयजल और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने तहसीलदार और क्षेत्रीय लेखपाल को बाढ़ से हुए नुकसान का पारदर्शी और त्वरित सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फसल, मकान और पशुधन को हुई क्षति का सही आकलन कर रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, जिससे पात्र प्रभावितों को समय से आर्थिक सहायता दिलाई जा सके। लेखपालों को क्षेत्र में कैंप कर ग्रामीणों से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने स्वास्थ्य एवं पशुपालन विभाग की टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने को कहा। उन्होंने संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए नियमित रूप से ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, क्लोरीन की गोलियों का वितरण तथा पशुओं का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत और स्वास्थ्य संबंधी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान राजस्व टीम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


















