चकिया में ज्वेलर्स चोरी का पर्दाफाश, एक दिन में गिरोह गिरफ्तार, लाखों की रिकवरी

279

चकिया में ज्वेलर्स चोरी का पर्दाफाश, एक दिन में गिरोह गिरफ्तार, लाखों की रिकवरी

चंदौली : जनपद में कानून-व्यवस्था की सख्ती का एक और दमदार उदाहरण सामने आया है। थाना चकिया क्षेत्र के बरहटा गांव स्थित ज्वेलर्स प्रतिष्ठान में हुई ₹16 लाख की सनसनीखेज चोरी का चन्दौली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस तेज-तर्रार कार्रवाई से न केवल अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ, बल्कि चोरी गई रकम का लगभग 99 प्रतिशत भी बरामद कर लिया गया।

ये था मामला

बताया जाता है कि 23 अप्रैल को ज्वेलर्स कारोबारी रशि प्रकाश वर्मा की दुकान को निशाना बनाते हुए शातिर गिरोह ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

99% रकम बरामद, गिरोह गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए आकाश पटेल ने खुद कमान संभाली और थाना चकिया पुलिस व सर्विलांस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से तेजी से काम करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से ₹15.80 लाख की बरामदगी की गई, जो इस मामले में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इतनी कम समय में लगभग पूरी रकम बरामद होना पुलिस की कार्यकुशलता को दर्शाता है।

एसपी ने किया सम्मानित

इस शानदार सफलता पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने टीम की पीठ थपथपाई और थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय व सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “यह कार्रवाई टीम वर्क, तत्परता और पेशेवर दक्षता का बेहतरीन उदाहरण है।” साथ ही उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को भविष्य में भी इसी जज्बे के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद आमजन में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है, वहीं अपराधियों में खौफ का माहौल देखा जा रहा है।