पहली ही बार नहर में पानी आते ही ढही साइड वाल, किसान विकास मंच ने लगाया घटिया निर्माण का आरोप

86

पहली ही बार नहर में पानी आते ही ढही साइड वाल, किसान विकास मंच ने लगाया घटिया निर्माण का आरोप

चंदौली : चकिया क्षेत्र में आदर्श नहर परियोजना के तहत बेन रजवाहा अंतर्गत बटौवा फाल पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। महज डेढ़ माह पूर्व निर्मित पश्चिमी पटरी की साइड वाल पहली बार नहर में पानी छोड़े जाने पर ही ढहने लगी, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न उठने लगे हैं।

किसान विकास मंच के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य कर रही शिव शक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा साइड वाल की नींव की पर्याप्त खुदाई नहीं की गई और मानकों की अनदेखी करते हुए कार्य कराया गया। मंच का कहना है कि निर्माण के दौरान ही गुणवत्ता संबंधी शिकायतों के चलते कुछ समय के लिए कार्य रुकवाया गया था, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।

किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने सुबह मौके का निरीक्षण किया तो पाया कि साइड वाल एक तरफ झुककर लटक रही है। उन्होंने तत्काल सिंचाई विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। वहीं दोपहर में मंच के मंत्री सुरेश मौर्य ने निरीक्षण के दौरान देखा कि साइड वाल की स्थिति और अधिक खराब हो चुकी है।

सुरेश मौर्य ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता तथा अवर अभियंता को अवगत कराते हुए मांग की कि निर्माण एजेंसी शिव शक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी को ब्लैकलिस्ट किया जाए, कंपनी का भुगतान रोका जाए तथा पूरी क्षतिग्रस्त साइड वाल को हटाकर मानक के अनुरूप नई साइड वाल का निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति में सुरक्षित सिंचाई संभव नहीं है।

किसान विकास मंच के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि क्षतिग्रस्त साइड वाल को तोड़कर दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण नहीं कराया गया तो संगठन आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।

निरीक्षण के दौरान राधेश्याम पांडेय, राम अवध सिंह, सुरेश मौर्य, अतुल मौर्य, श्यामलाल मौर्य एवं राकेश सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे। ग्रामीणों और किसानों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।