शिक्षक नेता कैलाश प्रसाद को बीआरसी चकिया में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
चंदौली : विकासखंड चकिया स्थित बीआरसी परिसर में गुरुवार को दिवंगत शिक्षक नेता कैलाश प्रसाद की स्मृति में शोक सभा आयोजित कर शिक्षकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए पांच बार महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया तथा दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।
वक्ताओं ने कहा कि कैलाश प्रसाद एक लोकप्रिय, निर्भीक, ईमानदार एवं कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक नेता थे। उनका पूरा जीवन शिक्षकों के हितों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए समर्पित रहा। उनके निधन से न केवल विकासखंड चकिया बल्कि पूरे जनपद के शिक्षा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता और सरल स्वभाव को हमेशा याद किया जाएगा।
शोकसभा में शिक्षकों ने उनके साथ बिताए गए संस्मरण साझा करते हुए कहा कि वे सदैव शिक्षकों की आवाज बनकर खड़े रहे। उनके जैसा नेतृत्व मिलना कठिन है और उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
गौरतलब है कि लंबी बीमारी के बाद 21 जुलाई की रात उनका निधन हो गया था। बुधवार को वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ था।
श्रद्धांजलि सभा में सदानंद दुबे, महेंद्र मौर्य, ओमप्रकाश भारती, नरेंद्र यादव, भूपेंद्र यादव, विवेक सिंह, राजेश यादव, इमरान अली, रीता पांडेय, अतुल श्रीवास्तव, विकास यादव, कुंवर कलाधर, जयप्रकाश भारती, गंगाधर गोपाल, चंद्र प्रकाश गांधी, अंकित पटेल, सुनील पटेल, काशीनाथ, शशि किरण, ऋषि यादव, आनंद यादव, राजीव पटेल, वीरेंद्र मोहन सिंह, सुरेंद्र प्रताप सहाय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के लोगों ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।


















