बाबा कीनाराम मठ में बन रहे पर्यटन स्थल का डीएम ने किया निरीक्षण, 15 जुलाई तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश

172

बाबा कीनाराम मठ में बन रहे पर्यटन स्थल का डीएम ने किया निरीक्षण, 15 जुलाई तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश

चंदौली : जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने बुधवार को रामगढ़ स्थित अघोराचार्य बाबा कीनाराम मठ परिसर में निर्माणाधीन पर्यटन स्थल का निरीक्षण किया। यह स्थल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विशेष प्राथमिकताओं में शामिल है, जहां वे स्वयं पूर्व में दौरा कर आवश्यक विकास परियोजनाओं की घोषणा कर चुके हैं। इन्हीं कार्यों की प्रगति को परखने के लिए जिलाधिकारी ने मठ परिसर पहुंचकर गहन समीक्षा की।

22 जुलाई को दोबारा निरीक्षण करेंगे डीएम

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पर्यटन स्थल के अंतर्गत बन रहे यात्री विश्राम गृह, सांस्कृतिक पंडाल, ओवरहेड जल टंकी, सार्वजनिक शौचालय, वाहन पार्किंग, तालाब सौंदर्यीकरण, चेंजिंग रूम, सीसी रोड सहित समग्र विकास कार्यों की स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति पर असंतोष जताते हुए संबंधित ठेकेदार ओमप्रकाश को 15 जुलाई की अंतिम समय-सीमा तक सभी कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि वे 22 जुलाई को पुनः निरीक्षण हेतु स्थल पर उपस्थित रहेंगे।

धाम तक पहुंचने वाले मार्गों के चौड़ीकरण तेज करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने बाबा कीनाराम धाम तक आने वाले प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण और मरम्मत का कार्य शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को भी दिए। उन्होंने कहा कि बाबा कीनाराम मठ न केवल धार्मिक, बल्कि सांस्कृतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है, जिसे एक भव्य पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना शासन की प्राथमिकता है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

मठ निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने चंदौली जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों हसनपुर, तीरगांवा और मारूफपुर का दौरा किया। उन्होंने वहां की बाढ़ चौकियों की स्थिति की समीक्षा की और स्थानीय प्रशासन को पूरी सतर्कता के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम देने का निर्देश दिया।

बाढ़ प्रभावित गांवों में पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

उन्होंने एसडीएम कुंदन राज कपूर को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ ग्रस्त गांवों में स्वच्छता, भोजन व्यवस्था, पशुओं के लिए चारा और दवा की व्यवस्था, नावों की उपलब्धता और अन्य आवश्यक संसाधनों की तत्परता से व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को गम्भीरता से निभाए, जिससे किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी रूप से निपटा जा सके।

प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान एडीएम राजेश कुमार, वीडियो राजेश नायक, पर्यटन अधिकारी नितिन कुमार, मठ व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह, ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह, एडीओ पंचायत राकेश दीक्षित, ग्राम पंचायत अधिकारी आनन्द यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग की इस सक्रियता से जहां पर्यटन विकास को गति मिलने की उम्मीद है, वहीं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक सतर्कता से जनमानस को राहत भी मिलेगी।