पुलिस को कुचलकर भाग रहे गौ-तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो से 4 गोवंश बरामद, कार्रवाई में जुटी पुलिस

44

पुलिस को कुचलकर भाग रहे गौ-तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो से 4 गोवंश बरामद, कार्रवाई में जुटी पुलिस

चंदौली : जनपद की सैयदराजा पुलिस को गौ-तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान स्कॉर्पियो वाहन से चार गोवंश बरामद करते हुए दो शातिर गौ-तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस टीम को कुचलकर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में सैयदराजा पुलिस टीम एनएच-2 हाईवे स्थित नौबतपुर तिराहा के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान चंदौली की ओर से आ रही एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो (UP14 BW 3477) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार वाहन चालक ने रुकने के बजाय वाहन को तेज गति से पुलिसकर्मियों की ओर मोड़ दिया और उन्हें कुचलकर भागने का प्रयास किया।

हालांकि कुछ ही दूरी पर स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग और डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन में सवार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान किशन यादव निवासी नरईली थाना दुर्गावती, जिला कैमूर (बिहार) तथा दिनेश यादव निवासी आराजी ईसोपुर थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो से एक चापड़, चार गोवंश (एक गाय व तीन बैल), दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 700 रुपये नकद बरामद किए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गोवंशों को जौनपुर से बिहार ले जा रहे थे, जहां उन्हें गोविंद सिंह नामक व्यक्ति को सौंपना था। इसके बदले उन्हें प्रति खेप सात-सात हजार रुपये मिलते थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि पुलिस चेकिंग देखकर पकड़े जाने के डर से उन्होंने वाहन भगाने और पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी किशन यादव के खिलाफ पहले भी गौ-तस्करी, जालसाजी और गैंगस्टर एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।