सीएम योगी ने लगाया जनता दरबार, लोगों की सुनी समस्याएं, सीएम बोले.. हर पात्र का बने आयुष्मान कार्ड

38

सीएम योगी ने लगाया जनता दरबार, लोगों की सुनी समस्याएं, सीएम बोले.. हर पात्र का बने आयुष्मान कार्ड

गोरखपुर : जनता दरबार में लोगों की समस्याओं को सुन सीएम ने कहा कि चिंता करने की जरूरत नहीं है, सरकार सभी के साथ है. हर पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर सुनिश्चित कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान कराया जाएगा. जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने अलग-अलग मामलों से जुड़े समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को पत्र सौंपते हुए निर्देश दिया कि सभी मामलों में तत्काल कार्रवाई हो.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार 4 अक्टूबर को गोरखपुर में जनता दरबार लगाया. इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को आदेश दिए कि सभी लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ ठीक से मिले. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को भरोसा दिया है कि उनके सभी मुद्दों का जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा. बता दें, सीएम योगी के जनता दरबार का सिलसिला लंबे समय से चल रहा है. इस दौरान वो लोगों से मिलते हैं और उनकी समस्याओं को न सिर्फ सुनते हैं बल्कि उसका सामाधान भी करवाते हैं. साथ ही नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रथम दिन CM योगी ने गोरखपुर के बुढ़िया माई स्थान में शिरकत की और पूजा-अर्चना किया.

शारदीय नवरात्र का पहला जनता दरबार

शारदीय नवरात्र के पहले दिन, गुरुवार दोपहर बाद गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 300 लोगों से मुलाकात की. एक-एक करके उनकी समस्याएं सुनीं और निस्तारण के लिए आश्वस्त करते हुए उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को हस्तगत किए. सभी लोगों को आश्वस्त किया कि किसी को भी चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है. सभी लोगों की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा.

आयुष्मान कार्ड पर विशेष जोर, हर पात्र व्यक्ति के पास हो कार्ड

हर बार की भांति शुक्रवार सुबह के जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता संबंधी प्रार्थना पत्र लेकर आए थे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबको मदद का भरोसा दिया. इस दौरान एक महिला की समस्या जानते ही उन्होंने अफसरों से कहा कि उक्त महिला को हॉस्पिटल में भर्ती कराकर इलाज का इस्टीमेट मंगाइए. पैसा सरकार देगी. सीएम ने लोगों से आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा और अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनाना सुनिश्चित करें ताकि इलाज के लिए किसी को परेशान न होना पड़े.

भूमाफियाओं पर की जाए कड़ी कारवाई

जनता दर्शन में सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील रवैया अपनाया जाए और उसकी समस्या का समाधान कर उसे संतुष्ट किया जाए. इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कहीं कोई जमीन कब्जा या दबंगई कर रहा हो तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए. हर पीड़ित की समस्या का निस्तारण निष्पक्ष रूप से उसकी संतुष्टि के अनुरूप किया जाना सुनिश्चित होना चाहिए.

मंदिर भ्रमण के दौरान बच्चों से भी मिले सीएम

शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण करने के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिजनों के साथ मंदिर आए बच्चों को प्यार, दुलार और आशीर्वाद दिया. बच्चों को अपने पास बुलाकर उनसे बातचीत की. उनसे नाम पूछने के साथ पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और खूब पढ़ने के लिए प्रेरित किया. बच्चों को सीएम ने चॉकलेट गिफ्ट कर विदा किया. गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान पारंपरिक दिनचर्या में शुक्रवार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला में पहुंचे. यहां उन्होंने गोसेवा में कुछ व्यतीत किया. सीएम योगी ने गोवंश को अपने हाथों से गुड़ खिलाया.