अपराधियों पर चन्दौली पुलिस का शिकंजा, अप्रैल से अब तक 46 इनामियां गिरफ्तार, अगस्त में 17 इनामियां अभियुक्तों की गिरफ्तारी, गंभीर अपराधों में वांछित बदमाशों पर लगातार कार्रवाई

17

अपराधियों पर चन्दौली पुलिस का शिकंजा, अप्रैल से अब तक 46 इनामियां गिरफ्तार, अगस्त में 17 इनामियां अभियुक्तों की गिरफ्तारी, गंभीर अपराधों में वांछित बदमाशों पर लगातार कार्रवाई

चन्दौली : अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चन्दौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अप्रैल माह से अब तक विभिन्न गंभीर अपराधों में वांछित 46 इनामियां अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें अकेले अगस्त माह में 17 इनामियां अभियुक्त पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में पांच ऐसे अपराधी शामिल हैं, जो एक वर्ष से अधिक समय से वांछित चल रहे थे। इनमें अगस्त माह में दो लंबे समय से फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर के पर्यवेक्षण एवं मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार गोवंश तस्करी, हत्या, पाक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, भ्रष्टाचार, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी तथा गोवंश तस्करी से जुड़े वित्तीय लेन-देन जैसे गंभीर मामलों में वांछित और इनामियां अभियुक्तों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता दी जा रही है।

पुलिस की कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहे रंजय सिंह पुत्र राजेश्वर सिंह, निवासी गोबरिया धरना प्लांट डिपो, थाना मुगलसराय को पाक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में वांछित होने के कारण गिरफ्तार किया गया। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसी तरह दिलीप कुशवाहा उर्फ छोटू पुत्र नगेन्द्र सिंह, निवासी बनखड़ा, थाना राजापाकड़, जिला वैशाली, बिहार पर अपहरण समेत अन्य धाराओं में दर्ज मुकदमे में 50 हजार रुपये का इनाम था।

वहीं थाना धीना क्षेत्र के अरबाज नट उर्फ खबरी पुत्र जलालुद्दीन नट, निवासी कुशहां को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ नाबालिग के अपहरण से संबंधित मामले में पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था और उस पर भी 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान अपराधियों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी तक सीमित कार्रवाई नहीं की जा रही है, बल्कि अपराध से अर्जित अवैध धन और उनके आर्थिक नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। गोवंश तस्करी, अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी सहित संगठित अपराध से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटाकर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की संपत्ति एवं वित्तीय गतिविधियों के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गंभीर अपराधों में वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। लगातार हो रही इन गिरफ्तारियों से लंबे समय से फरार चल रहे इनामियां अभियुक्तों में पुलिस का खौफ बढ़ा है और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।