चंदौली पहुंचे आप सांसद संजय सिंह, भाजपा पर जमकर साधा निशाना, आईटी सेल की राजनीति से लेकर राम मंदिर ट्रस्ट और स्कूलों की बदहाली पर उठाए सवाल, एक माह में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी

32

चंदौली पहुंचे आप सांसद संजय सिंह, भाजपा पर जमकर साधा निशाना, आईटी सेल की राजनीति से लेकर राम मंदिर ट्रस्ट और स्कूलों की बदहाली पर उठाए सवाल, एक माह में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी

चंदौली : आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह मंगलवार को चंदौली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आईटी सेल, कथित नफरती राजनीति, राम मंदिर ट्रस्ट में सीईओ की नियुक्ति और प्रदेश के सरकारी स्कूलों की स्थिति समेत कई मुद्दों पर सवाल खड़े किए।

संजय सिंह ने भाजपा के आईटी सेल पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जुड़े वीडियो तथा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के वीडियो का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नफरती राजनीति और गाली-गलौज की शुरुआत भाजपा की ओर से की गई है।

आप सांसद ने अयोध्या स्थित राम मंदिर ट्रस्ट में सीईओ की नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने मंदिर से जुड़ी जमीन के मामले में 13 नए दस्तावेज सामने आने का दावा करते हुए पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच की मांग की।

राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर संजय सिंह ने कहा कि विपक्षी नेताओं के खिलाफ एफआईआर होना अब कोई नई बात नहीं रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए जांच एजेंसियों और मुकदमों का सहारा ले रही है।

संजय सिंह ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर भी योगी सरकार को घेरा। उन्होंने ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ का जिक्र करते हुए स्कूलों के लिए जारी किए गए 604 करोड़ रुपये के सदुपयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इतनी बड़ी धनराशि खर्च होने के बावजूद विद्यालयों की व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार क्यों नहीं दिखाई दे रहा है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक महीने के भीतर सरकारी स्कूलों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच संजय सिंह ने प्रदेश सरकार से इन मुद्दों पर जवाब देने की मांग की।