भारी बारिश के चलते 1 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद

114

भारी बारिश के चलते 1 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद

चंदौली : जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और जगह-जगह जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर 1 सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में पठन-पाठन स्थगित रहेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित विद्यालयों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

जारी आदेश के अनुसार जनपद के सभी परिषदीय, राजकीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य बोर्डों के हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालय 1 सितंबर को विद्यार्थियों के लिए बंद रहेंगे। लगातार बारिश के कारण उत्पन्न जलभराव और संभावित असुविधाओं को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।

हालांकि विद्यालय बंद रहने के बावजूद सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। उन्हें अपार आईडी, डीबीटी, यू-डायस समेत अन्य विभागीय कार्यों का निर्धारित समय में संपादन करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधनों को निर्देशित किया है कि आदेश का जनपद में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। विद्यार्थियों को विद्यालय न बुलाए जाने तथा शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति के संबंध में भी स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।