बीएसए ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

53

बीएसए ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

चंदौली : जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने बुधवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) सकलडीहा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, पठन-पाठन, भोजन की गुणवत्ता सहित छात्राओं के लिए उपलब्ध आवासीय सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान बीएसए ने छात्राओं से सीधे संवाद कर विद्यालय में मिल रही शैक्षणिक सुविधाओं, खान-पान, पेयजल तथा अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण एवं भोजन व्यवस्था पर संतोष जताया।

बीएसए ने वार्डेन एवं विद्यालय प्रशासन को साफ-सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन के साथ फल और दूध उपलब्ध कराया जाए। साथ ही छात्राओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

उन्होंने शिक्षकों को पठन-पाठन की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने तथा विद्यालय में अनुशासन का माहौल बनाए रखने के निर्देश दिए। बीएसए ने कहा कि आवासीय विद्यालय में रह रही छात्राओं की सुविधाओं और शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और छात्राओं के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की हिदायत दी।