गो-तस्करी नेटवर्क की काली कमाई का बड़ा खुलासा, नेटवर्क से जुड़ा इनामी आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कार्रवाई में जुटी
चंदौली : जनपद की सैयदराजा पुलिस ने अंतरराज्यीय गो-तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹25 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त अखिलेश कुमार (27) को बिहार के रोहतास जनपद स्थित उसके गांव खुरमाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर संगठित गो-तस्करी गिरोह को आर्थिक सहायता पहुंचाने का आरोप है। बैंक खातों की जांच में करीब 2.5 करोड़ रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन का खुलासा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सैयदराजा, कंदवा, अलीनगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को उसके मोबाइल एवं हार्डवेयर की दुकान से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान यह सामने आया कि 31 सदस्यीय संगठित गिरोह गो-तस्करी में सक्रिय है और गिरोह के सदस्यों के बीच अब तक करीब 187 करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अखिलेश कुमार के बैंक खाते से करीब 4.77 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ, जिसमें से लगभग 2.5 करोड़ रुपये कथित रूप से गो-तस्करी से जुड़े लोगों के खातों में स्थानांतरित किए गए। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने गो-तस्करी से जुड़े लोगों को धनराशि भेजने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना सैयदराजा में दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में सैयदराजा, कंदवा व अलीनगर पुलिस, स्वाट टीम तथा सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


















