चंदौली में UPTET-2026 की तैयारियां पूरी, 12 केंद्रों पर 25,560 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
चंदौली : उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को जनपद में शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकल विहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें पांच पालियों में कुल 25,560 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा नकल रोकने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई।
जिले में एक केंद्रीय रेलवे इंटर कॉलेज (श्रेणी-ए) तथा 11 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों (श्रेणी-बी) को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। 2 एवं 3 जुलाई को परीक्षा दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में 5,112 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
जिलाधिकारी ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा संपूर्ण व्यवस्था की निगरानी के लिए अधिकारियों की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों का पूर्व भौतिक सत्यापन, सीसीटीवी कैमरों से लाइव मॉनिटरिंग, कंट्रोल रूम से निगरानी, शुद्ध पेयजल, निर्बाध बिजली, प्राथमिक चिकित्सा और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने तथा परीक्षा अवधि के दौरान आसपास संचालित सभी फोटोकॉपी की दुकानें, साइबर कैफे और कोचिंग संस्थान बंद रखने के निर्देश दिए। प्रश्नपत्रों और ओएमआर शीट को डबल लॉक स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखने तथा कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला कांस्टेबल और होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। अभ्यर्थियों की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों, पेपर लीक की अफवाहों और सॉल्वर गैंग की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, जिला विद्यालय निरीक्षक, मुख्य कोषाधिकारी सहित सेक्टर, जोनल एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का भरोसा जताया।


















