आस्था और एकता का अद्भुत संगम, दूबेपुर में धूमधाम से हुई डीह राजा व शायर मां की पूजा

70

आस्था और एकता का अद्भुत संगम, दूबेपुर में धूमधाम से हुई डीह राजा व शायर मां की पूजा

चंदौली : चकिया विकासखंड के ग्राम सभा दूबेपुर में रविवार को ग्राम देवता डीह राजा एवं शायर मा की पारंपरिक पूजा-अर्चना श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर ग्रामीणों ने गांव की सुख-समृद्धि, खुशहाली, अच्छी फसल और समस्त ग्रामवासियों के मंगल की कामना करते हुए विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

सुबह वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि के बीच पूजा का शुभारंभ हुआ। इसके उपरांत ग्राम देवताओं के प्रतीक स्वरूप विग्रहों को सुसज्जित कर पूरे गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गांव की गलियों और प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा का ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा, धूप-दीप और माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। महिलाओं ने मंगल गीत गाकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता ग्रामीणों की अभूतपूर्व एकजुटता रही। गांव के सभी परिवारों ने जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर तन, मन और धन से सहयोग दिया, जिससे पूरा धार्मिक आयोजन अत्यंत अनुशासित और भव्य रूप में संपन्न हुआ। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

ग्रामीणों और बुजुर्गों ने बताया कि यह परंपरा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि गांव में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक एकता को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

इस अवसर पर विनोद कुमार द्विवेदी, प्रधान प्रतिनिधि अरविंद पांडेय, पारस यादव, राजनाथ यादव, हरि यादव, शैलेश शर्मा, मनीष कुमार द्विवेदी, संतोष कुमार द्विवेदी, अवनीश कुमार द्विवेदी, नरेंद्र नाथ दुबे, मंगला प्रसाद गुप्ता, रितिक द्विवेदी, सत्येंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।