यूपी सीएम का वीडियो X पर पोस्ट कर अखिलेश यादव ने बोला हमला
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 10 सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल जुटे हुए हैं. समाजवादी पार्टी लगातार सीएम योगी और बीजेपी सरकार पर हमला बोल रही है. उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी लगातार विपक्षी दलों को आड़े हाथों ले रहे हैं. सीएम योगी के एक बयान पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने जोरदार हमला बोला है. पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जिम्मेदार लोगों का काम भय से बचाना होता है, भय फैलाना नहीं.

दरअसल, सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा का अनावरण किया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने ताजमहल मेट्रो स्टेशन पर आयोजित जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं हो सकता. राष्ट्र तभी मजबूत होगा, जब हम सब एक होंगे. बंटेंगे तो कटेंगे. बांग्लादेश में देख रहे हैं न, वो गलतियां यहां नहीं होनी चाहिए. एक रहेंगे- नेक रहेंगे, सुरक्षित रहेंगे और समृद्धि की पराकाष्ठा तक पहुंचेंगे.

सीएम योगी आदित्यनाथ के बयान का वीडियो पोस्ट करते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने जोरदार हमला बोल दिया है. पूर्व मुख्यमंत्री ने योगी आदित्यनाथ के बयान की निंदा करते हुए कहा कि जिम्मेदार लोगों का काम भय से बचाना होता है, भय फैलाना नहीं. अखिलेश यादव ने कहा कि अगर ये किसी के व्यक्तिगत विचार हैं, तो गलत हैं और अगर उनके दल के हैं, तो और भी ज्यादा गलत हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा राज में बने भय के इस वातावरण में क्या डबल इंजन कहीं दुबक कर जा बैठा है. निंदनीय बयान है.


















