बाबा कीनाराम जन्मोत्सव को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने मठ पहुंचकर परखी तैयारियां
चंदौली : संत शिरोमणि अघोराचार्य बाबा कीनाराम के 427वें जन्मोत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ में पीठाधीश्वर सिद्धार्थ गौतम राम बाबा के नेतृत्व में आगामी 10 से 12 सितंबर तक तीन दिवसीय जन्मोत्सव का आयोजन होगा। देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
शुक्रवार को जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बाबा कीनाराम मठ पहुंचकर संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं मठ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान लोक निर्माण विभाग, विद्युत, स्वास्थ्य, जल निगम, बलुआ पुलिस समेत अन्य विभागों को आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मठ के प्रबंधक मेजर अशोक सिंह ने अधिकारियों को आयोजन की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार दिन के सांस्कृतिक कार्यक्रम नवनिर्मित हाल में आयोजित किए जाएंगे, जबकि रात्रिकालीन कार्यक्रम पूर्व की भांति इंटर कॉलेज के खेल मैदान में होंगे। मेला क्षेत्र में मुख्य सड़क पर लगने वाली दुकानों को हटाकर बगीचे में व्यवस्थित स्थान दिया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
मंदिर परिसर में संभावित भीड़ को देखते हुए बैरिकेडिंग कर महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारें बनाई जाएंगी। दर्शन एवं प्रसाद वितरण के बाद श्रद्धालुओं के बाहर निकलने की भी अलग व्यवस्था होगी। प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग गेट बनाए जाएंगे तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गेट नंबर और दिशा-सूचक लगाए जाएंगे।
जन्मोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की विशेष तैनाती की जाएगी। भीड़ में चोर-उचक्कों और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए हैं।
जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने कहा कि बाबा कीनाराम जन्मोत्सव चंदौली की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि देश-प्रदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन के साथ सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अपनी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि जन्मोत्सव के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, महिला सुरक्षा और असामाजिक तत्वों पर निगरानी के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
बैठक में प्रभुनारायण सिंह ‘लल्ला’, धनंजय सिंह, सूर्यनाथ सिंह, प्रदीप सिंह, बलुआ थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह, आशुतोष सिंह ‘रिंकू’, दिनेश सोनकर, कुलदीप सेठ समेत मठ के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


















