24 घंटे में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

39

24 घंटे में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

चंदौली : थाना चकिया पुलिस ने नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बच्ची को घर से बहला-फुसलाकर बाहर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, थाना चकिया क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की नाबालिग पौत्री को आरोपी मोहन प्रजापति पुत्र छेदी, निवासी वार्ड नंबर-3 शमशेर नगर, कस्बा चकिया, घर पर आया और बच्ची को खिलाने के बहाने अपने साथ बाहर ले गया। आरोप है कि इसके बाद उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और करीब डेढ़ घंटे बाद उसे वापस घर के पास छोड़कर फरार हो गया।

मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 217/2026, धारा 65(2) बीएनएस एवं 5M/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोहन प्रजापति को इण्टर कॉलेज के पीछे से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 20 अगस्त 2026 को उसने बच्ची को उसके घर से बाहर ले जाकर ऑटो संख्या UP67BT6703 में बैठाया और मोहम्मदाबाद की ओर ले गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने की बात स्वीकार की और बाद में उसे घर के पास छोड़कर फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पुलिस द्वारा आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक सुनील कुमार तथा आरक्षी अतुल कुमार, थाना चकिया जनपद चंदौली।