बबुरी में चंद्रप्रभा और गढ़ई नदी का डीएम ने लिया जायजा, घट रहा जलस्तर, राहत कार्य तेज करने के निर्देश

42

बबुरी में चंद्रप्रभा और गढ़ई नदी का डीएम ने लिया जायजा, घट रहा जलस्तर, राहत कार्य तेज करने के निर्देश

चंदौली : जिले में लगातार हुई बारिश और बांधों से छोड़े गए पानी के चलते उत्पन्न बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग मंगलवार को बबुरी क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने चंद्रप्रभा नदी के साथ पड़्या स्थित गढ़ई नदी का स्थलीय निरीक्षण कर जलस्तर, जलभराव और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से मौके पर स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता (चंद्रप्रभा) समेत संबंधित अधिकारियों ने बताया कि दोनों नदियों का जलस्तर अब तेजी से घट रहा है। बांधों से पानी का डिस्चार्ज भी कम कर दिया गया है। इससे आने वाले समय में क्षेत्र में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलस्तर घटने के बावजूद पूरी सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित ग्रामीणों और किसानों तक समय से राहत पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जब तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, संबंधित अधिकारी क्षेत्र में बने रहकर लगातार निगरानी करें और जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में दवा का छिड़काव कराने, ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा जलभराव से प्रभावित फसलों का पारदर्शी एवं निष्पक्ष सर्वे कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वे लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहें, ताकि किसी भी ग्रामीण अथवा किसान को परेशानी का सामना न करना पड़े।

डीएम के स्थलीय निरीक्षण से क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों में राहत की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने बताया कि चंद्रप्रभा और गढ़ई नदी के बढ़ते जलस्तर से निचले इलाकों में पानी भरने और फसलों के नुकसान को लेकर चिंता बनी हुई थी। अब जलस्तर घटने की जानकारी मिलने से उन्हें राहत मिली है।

किसानों ने जलभराव से प्रभावित फसलों का शीघ्र सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। इस पर प्रशासन की ओर से नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया गया। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, सिंचाई विभाग के अभियंता सहित स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।