मानदेय व ईपीएफ भुगतान को लेकर मनरेगा कर्मियों का प्रदर्शन, 23 मार्च तक भुगतान का आश्वासन
चंदौली : विकास खंड चहनियां में मनरेगा कर्मियों और तकनीकी सहायकों को समय से मानदेय व ईपीएफ का भुगतान न होने से नाराज कर्मचारियों का आक्रोश शुक्रवार को खुलकर सामने आया। सैकड़ों की संख्या में कर्मचारियों ने खंड विकास कार्यालय परिसर में एकजुट होकर बाहों में काली पट्टी बांध सांकेतिक हड़ताल की और जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को लेकर खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना था कि उन्हें पिछले कई महीनों से मानदेय और ईपीएफ का भुगतान समय पर नहीं मिल रहा है, जिससे आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। इस संबंध में 19 फरवरी को भी खंड विकास अधिकारी राजेश नायक को पत्रक देकर समस्या के समाधान की मांग की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती गई।
शुक्रवार को आक्रोशित कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर नारेबाजी करते हुए सांकेतिक हड़ताल की। कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मानदेय और ईपीएफ का भुगतान नहीं किया गया, तो वे मजबूर होकर कलमबंद हड़ताल पर उतरेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
वहीं, खंड विकास अधिकारी राजेश नायक ने कर्मचारियों से वार्ता के दौरान उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि कुछ ग्राम पंचायतों में कार्य की तुलना में अधिक भुगतान की स्थिति सामने आई है, जिसकी जांच चल रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी शेष कर्मचारियों का बकाया भुगतान 23 मार्च तक करा दिया जाएगा।
अधिकारी के इस आश्वासन के बाद कर्मचारियों का आक्रोश शांत हुआ और उन्होंने फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान तकनीकी सहायक दीनानाथ यादव, राकेश सिंह यादव, पवन त्रिपाठी, ओमप्रकाश, योगेंद्र, राजेश, आरती, धीरज सिंह, प्रशांत सिंह, साधना देवी, सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में मनरेगा कर्मी मौजूद रहे।


















