मुगलसराय पुलिस का बड़ा एक्शन, 17 मोबाइल, मंगलसूत्र व 23 हजार नकद के साथ तीन गिरफ्तार, दो नाबालिग हिरासत में
चंदौली : मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने झपटमारी और चोरी की घटनाओं में सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपितों के कब्जे से 17 मोबाइल फोन, 23 हजार रुपये नकद, 44 ग्राम का मंगलसूत्र और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर व क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में यह सफलता मिली।
भागने के प्रयास में धराए
पुलिस को सूचना मिली कि 22 फरवरी को हमीदपुर में महिला से मोबाइल झपटमारी की घटना में शामिल आरोपित किसी अन्य वारदात की फिराक में इंडस्ट्रियल एरिया की ओर जा रहे हैं। वीडीए कॉलोनी के पास घेराबंदी कर पुलिस ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार युवकों को रुकने का इशारा किया। इस दौरान वे भागने लगे, लेकिन एक बाइक फिसलने से गिर गई और पांचों को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उगले राज
पूछताछ में आरोपितों ने 10 फरवरी को कृष्णा पैलेस मैरिज हाल, नई बस्ती से एक महिला का बैग चोरी करने की बात स्वीकार की। बैग में 20 हजार रुपये, मोबाइल और मंगलसूत्र था। इसके अलावा 22 फरवरी को हमीदपुर में एक महिला से मोटोरोला मोबाइल झपटने तथा 24 फरवरी को जीटी रोड के पास एक व्यक्ति से ओप्पो मोबाइल छीनकर पांच हजार रुपये में बेचने की बात भी कबूली। इसमें से दो हजार रुपये खर्च कर शेष रकम आपस में बांट ली थी।
बरामदगी
01 मंगलसूत्र (करीब 44 ग्राम), 01 वन प्लस एंड्रॉयड फोन, 01 मोटोरोला एंड्रॉयड फोन, 10 अन्य एंड्रॉयड फोन, 05 कीपैड फोन, 23 हजार रुपये नकद, 02 मोटरसाइकिल (एचएफ डिलक्स व टीवीएस स्पोर्ट)
गिरफ्तार आरोपित
लक्ष्मण (24), विशाल उर्फ कतवारू (22) और अजय (24) निवासी जाल्होपुर रमना, वाराणसी। दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। वही लक्ष्मण के खिलाफ पूर्व में भी लूट, मारपीट व हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अन्य बरामद मोबाइल और मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। क्षेत्र में सक्रिय झपटमार गिरोह के पकड़े जाने से लोगों ने राहत की सांस ली है।


















