वर्षो से नींव डालकर छोड़ा गया पंचायत भवन, सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित है ग्रामीण

638

वर्षो से नींव डालकर छोड़ा गया पंचायत भवन, सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित है ग्रामीण

चंदौली : ग्रामीण क्षेत्रों में विकास का पहिया तेजी से आगे बढ़ सके और ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर हो सके इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत भवन की स्थापना की गई है. वही चहनियां विकास क्षेत्र के कुंरा गांव में विगत कई वर्षों से पंचायत भवन की नींव डालकर छोड़ दिया गया है. जिसके चलते इन पंचायत भवन के बेहतर संचालन के लिए ग्राम पंचायत अधिकारी, पंचायत सहायक सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी नहीं बैठ पा रहे हैं. जिससे ग्रामीणों को सरकार के द्वारा चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ नहीं मिल पा रहा है.

सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित है ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन न होने के कारण अधिकारी कर्मचारी जरूरत के अनुसार उपलब्ध नहीं हो पाते हैं. जिससे सरकार द्वारा संचालित महत्वकांक्षी योजनाओं की जानकारी समय से नहीं हो पाती है. ग्रामीणों ने बताया कि किसी भी सरकारी योजना से संबंधित जानकारी या लाभ लेना है तो 10 किलोमीटर की दूरी तय करके परिवार रजिस्टर की नकल, आवास, शौचालय, विकलांग पेंशन, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, सामूहिक विवाह, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन आदि से संबंधित कार्य के लिए चहनियां विकासखंड कार्यालय में जाना पड़ता है.

ग्रामीणों ने बताया कि यदि पंचायत भवन निर्माण कार्य हो गया होता तो गांव के लोगों को गांव में ही सरकार के द्वारा चलाई जा रही सभी महत्वकांक्षी योजनाओं का लाभ मिल जाता. लेकिन सबसे बड़ी विडंबना और दुर्भाग्य है कि पंचायत भवन न होने से संबंधित जानकारी प्राप्त करने हेतु ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मदत की गुहार लगाई है.

क्या कहते है जिम्मेदार

इस संबंध में एडीओ पंचायत अधिकारी राकेश दीक्षित ने कहा कि पूर्व में सचिव द्वारा जिस जमीन पर पंचायत भवन का निर्माण कार्य करवाया जा रहा था वह जमीन पंचायत भवन के नाम दर्ज नही हुआ है. वर्तमान सचिव को निर्देशित किया गया है कि लेखपाल से संपर्क करके पंचायत भवन के नाम जमीन दर्ज कर शीघ्र पंचायत भवन का निर्माण कार्य शुरू कराया जाए.