हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही 43 पेटी अवैध शराब बरामद, छह तस्कर गिरफ्तार

65

हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही 43 पेटी अवैध शराब बरामद, छह तस्कर गिरफ्तार

UP TIMES18 : चंदौली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार रात आलमपुर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान तीन लग्जरी वाहनों से 43 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से छह अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत पांच लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत अलीनगर थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा से बिहार शराब भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर जीटी रोड पर आलमपुर अंडरपास के निकट चेकिंग शुरू की गई। देर रात करीब 10:40 बजे तीन लग्जरी कारों को रोका गया। तलाशी के दौरान 750 एमएल की 33 पेटी और 375 एमएल की 10 पेटी अंग्रेजी शराब मिली। बोतलों पर ‘सेल फॉर हरियाणा’ अंकित था।

गिरफ्तार तस्करों में सोनू सिंह, शास्वत कुमार, आर्यन पांडेय, प्रकाश गौरव, सुभाष कुमार (सभी बिहार निवासी) और आनंद प्रकाश (हरियाणा निवासी) शामिल हैं। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि शराब कंटेनर से टेगरा मोड़ लाई जाती है, जहां से उसे कारों में भरकर बिहार भेजा जाता है। इस धंधे से होने वाली कमाई से वे अपना जीवन यापन करते हैं।

पकड़े गए वाहनों में एक स्विफ्ट (BR44U2727) की नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। असली नंबर RJ02CG2000 है। इसके अलावा हरियाणा नंबर की स्विफ्ट (HR26CQ7559) और एक XUV3XO (BR07BD8917) भी पकड़ी गई है।

अभियुक्तों के खिलाफ थाना अलीनगर में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 व भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 319(2), 318(4), 336(3), 338, 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक के साथ चौकी प्रभारी अनिल कुमार यादव, अनंत कुमार भार्गव, हेड कांस्टेबल रोशन यादव, योगेंद्र यादव, कांस्टेबल राहुल खरवार और दीपक साहू शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता व सतर्कता की सराहना की और कहा कि अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।